भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक विजय चौधरी का हार्ट अटैक से निधन, शोक की लहर

भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक विजय चौधरी का हार्ट अटैक से निधन, शोक की लहर

भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक विजय चौधरी का हार्ट अटैक से निधन, शोक की लहर

खंडवा। भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक एवं युवा अधिवक्ता विजय चौधरी का गुरुवार देर शाम अचानक आए हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। महज 45 वर्ष की आयु में उनके निधन से हर कोई स्तब्ध है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह विजय चौधरी अपने साथियों के साथ प्रतिदिन की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। उस समय वे पूरी तरह स्वस्थ और सामान्य दिखाई दे रहे थे। उनके करीबी मित्र एवं अधिवक्ता देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि सुबह दोनों ने साथ में मॉर्निंग वॉक की थी और शाम को श्री दादाजी धाम मंदिर दर्शन के लिए साथ जाने का भी कार्यक्रम था।

देवेंद्र सिंह यादव के अनुसार, शाम को विजय चौधरी का फोन आया। उन्होंने बताया कि अचानक सीने में तेज दर्द हो रहा है और उन्हें लगा कि यह एसिडिटी के कारण हो रहा है। इसके बाद वे स्वयं बाइक से शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टर उन्हें ईसीजी के लिए ले जा रहे थे, तभी दोबारा सीने में तेज दर्द उठा। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

विजय चौधरी भाजपा विधि प्रकोष्ठ में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ-साथ अधिवक्ता के रूप में भी अपनी अलग पहचान रखते थे। वे सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे तथा अपने सहज व्यवहार और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण सभी के बीच लोकप्रिय थे।

उनके निधन पर भाजपा पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

परिजनों के अनुसार, विजय चौधरी का अंतिम संस्कार शुक्रवार सुबह 9 बजे उनके पैतृक ग्राम रजुर में किया जाएगा। अंतिम दर्शन एवं श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में परिजन, मित्र, अधिवक्ता, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है।