खंडवा। कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी तथा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को खंडवा में जिला यूथ कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।
यूथ कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी भवन से एकत्रित होकर रैली के रूप में स्टेशन रोड होते हुए केवलराम पेट्रोल पंप पहुंचे। यहां प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध स्वरूप पुतला दहन किया।
यूथ कांग्रेस शहर अध्यक्ष सागर पवार ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी और छात्रों पर बल प्रयोग लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस इसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी।

–
