खण्डवा: शहर की आस्था के प्रमुख केंद्र श्री धूनीवाले दादाजी धाम में आयोजित होने वाले गुरुपूर्णिमा महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मंगलवार को कलेक्टर ऋषव गुप्ता और पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों तथा ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ दादाजी धाम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि गुरुपूर्णिमा महोत्सव के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ ट्रस्ट के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने आपसी समन्वय के साथ गुरुपूर्णिमा महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई।
