खंडवा: कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के दौरान मांधाता तहसील के मोरघड़ी गांव निवासी पंकज सिंह ने ग्राम इनपुन की शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ने मांधाता तहसीलदार को मौके पर जांच कर शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए।
ओंकारेश्वर निवासी लक्ष्मी उर्फ सपना ने ग्राम गोदरपुरा स्थित अपने भवन के नामांतरण का आवेदन लंबित होने की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी, ओंकारेश्वर को मामले की जांच कर नियमानुसार नामांतरण प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
हरसूद तहसील के ग्राम उंडैल रैयत निवासी जयपाल सिंह ने अपनी निजी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। कलेक्टर ने एसडीएम हरसूद को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
वहीं, ग्राम कोठी में हैलिपेड के पास रहने वाले पवन यादव ने नाला निर्माण के कारण घर का रास्ता बंद होने की समस्या बताई। इस पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को निरीक्षण कर आवागमन के लिए वैकल्पिक एवं सुगम मार्ग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने अधिकारियों से सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
