खंडवा। कांग्रेस उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय वर्चुअल बैठक रविवार को प्रदेश अध्यक्ष अरविंद बागड़ी की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें मध्य प्रदेश के 28 जिलों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन के अनुसार, बैठक में खंडवा का प्रतिनिधित्व प्रकोष्ठ के शहर अध्यक्ष संदीप सोनी ने किया। उन्होंने जिले के व्यापारियों की समस्याएं और सुझाव प्रदेश नेतृत्व के सामने रखे।
बैठक में अहम निर्णय लेते हुए तय किया गया कि 31 जुलाई को प्रदेश के सभी जिलों में कृषि उपज मंडी समितियों के माध्यम से राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें मंडी शुल्क वृद्धि को वापस लेने की मांग की जाएगी।
वक्ताओं ने कहा कि मंडी शुल्क में बढ़ोतरी से व्यापारियों और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा, जिससे मंडियों का व्यापार प्रभावित होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन और जन-जागरण अभियान शुरू करेगा।
