खंडवा। 21 जुलाई को ग्राम नागचुन स्थित श्री साईं मंदिर का 13वां स्थापना दिवस श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
साईं परिवार के प्रवक्ता कमल नागपाल ने बताया कि 21 जुलाई को प्रातः 8 बजे बाबा की भव्य पालकी यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर ग्राम नागचुन के प्रमुख मार्गों से निकलेगी और पुनः मंदिर पहुंचेगी। पालकी यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए बाबा का गुणगान करेंगे।
उन्होंने बताया कि दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक विशाल आम भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद शाम 7 बजे बाबा की महाआरती संपन्न होगी तथा रात्रि 8 बजे स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में केक वितरण किया जाएगा।
साईराम ग्रुप, पांडव ग्रुप, सियाराम ग्रुप एवं समस्त ग्रामवासियों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
