मोबाइल हैक कर मजदूर के खाते से 85,820 रुपए ट्रांसफर, 9 महीने की मेहनत पर पानी फिरा

मोबाइल हैक कर मजदूर के खाते से 85,820 रुपए ट्रांसफर, 9 महीने की मेहनत पर पानी फिरा

मोबाइल हैक कर मजदूर के खाते से 85,820 रुपए ट्रांसफर, 9 महीने की मेहनत पर पानी फिरा

खंडवा। जिले के खालवा क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक युवक के मोबाइल को हैक कर उसके बैंक खाते से 85 हजार 820 रुपए ट्रांसफर कर लिए गए। पीड़ित युवक पिछले 9 माह से मजदूरी कर यह राशि जमा कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, राजेश पिता रघुनाथ चौहान की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया है। राजेश ने पुलिस को बताया कि वह रोजाना करीब 300 रुपए मजदूरी कर अपनी कमाई बचा रहा था। उसने बताया कि उसके पास न तो कोई संदिग्ध कॉल आया और न ही कोई मैसेज, इसके बावजूद उसके मोबाइल से छेड़छाड़ कर बैंक खाते से राशि निकाल ली गई।

राजेश को घटना की जानकारी तब हुई जब वह बैंक पहुंचा। बैंक से पता चला कि उसके खाते से 85 हजार 820 रुपए राजस्थान की ग्रामीण बैंक के एक खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

वहीं, जिले में साइबर ठगी का एक अन्य मामला पदमनगर थाना क्षेत्र में भी सामने आया है। संजय नगर निवासी रामसिंह शेखावत ने शिकायत दर्ज कराई कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को मददगार बताते हुए लोन बंद करवाने का झांसा दिया। आरोपी ने लोन बंद कराने के नाम पर रामसिंह से 37 हजार 583 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।

दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर माध्यमों से आरोपियों की जानकारी जुटाने में लगी है।