इंदौर। इंदौर-महू-खंडवा नई ब्रॉडगेज रेलवे लाइन परियोजना का काम अब रफ्तार पकड़ने लगा है। चोरल क्षेत्र में रेलवे ने ट्रैक बिछाने के लिए मार्किंग का काम शुरू कर दिया है। वहीं, मोरटक्का और आसपास के क्षेत्रों में अर्थवर्क लगभग पूरा हो चुका है, जिसके बाद अब पटरी बिछाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, परियोजना के अलग-अलग सेक्शन में एक साथ काम किया जा रहा है, ताकि इसे निर्धारित समय में पूरा किया जा सके। चोरल क्षेत्र में जहां से नई रेल लाइन गुजरेगी, वहां जमीन पर सीमांकन और ट्रैक की स्थिति तय करने का काम किया जा रहा है। इसके साथ ही निर्माण में आने वाली बाधाओं को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मोरटक्का क्षेत्र में रेल लाइन के लिए जरूरी अर्थवर्क लगभग पूरा हो गया है। निर्माण एजेंसी ने ट्रैक निर्माण के लिए गिट्टी (बैलेस्ट) पहुंचाना शुरू कर दिया है। पहले बैलेस्ट की परत तैयार की जाएगी, इसके बाद स्लीपर और रेल पटरियां बिछाने का काम शुरू होगा।
परियोजना के तहत नर्मदा नदी पर बनने वाले रेलवे ब्रिज के पिलर निर्माण का काम भी जारी है। पिलर तैयार होने के बाद ब्रिज का अगला निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। वहीं, पातालपानी क्षेत्र में प्रस्तावित टनल का काम अभी शुरू नहीं हो पाया है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इंदौर-टीही टनल का काम पूरा होने के बाद संबंधित एजेंसी पातालपानी टनल निर्माण शुरू करेगी।
रेलवे परियोजना के लिए वन विभाग भी आवश्यक जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में जुटा है। निर्माण कार्य में बाधा बन रहे पेड़ों को नियमानुसार हटाने की तैयारी की जा रही है। रेलवे का कहना है कि विभिन्न हिस्सों में काम की गति बढ़ाई गई है और आने वाले समय में कई सेक्शन में ट्रैक बिछाने का काम दिखाई देने लगेगा।
इंदौर-खंडवा ब्रॉडगेज परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
