खंडवा में मानवता की मिसाल: वृद्ध आश्रम ने बुजुर्ग दंपती को फिर मिलाया परिवार से

खंडवा में मानवता की मिसाल: वृद्ध आश्रम ने बुजुर्ग दंपती को फिर मिलाया परिवार से

खंडवा में मानवता की मिसाल: वृद्ध आश्रम ने बुजुर्ग दंपती को फिर मिलाया परिवार से

खंडवा। वृद्ध आश्रम में रह रहे एक बुजुर्ग दंपती का परिवार से फिर से मिलन हो गया। आश्रम प्रबंधन की काउंसलिंग और लगातार प्रयासों के बाद दंपती अपने परिजनों के साथ वापस घर लौट गए।

जानकारी के अनुसार, वृद्ध आश्रम ने दंपती को आवश्यक सहयोग, संरक्षण और भावनात्मक सहारा दिया। आश्रम की काउंसलर नीलम मैथिल ने परिवार के सदस्यों से लगातार संवाद कर आपसी मतभेदों को कम करने का प्रयास किया। इस पहल में भारती नरवाडे ने भी सहयोग किया।

लगातार बातचीत और समझाइश के बाद परिवार और बुजुर्ग दंपती के बीच संबंधों में सुधार हुआ, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें दोबारा अपने साथ रखने का निर्णय लिया।

सेवा समिति के प्रबंधक मुकेश मैथिल और आश्रम संचालिका अनिता सिंह चौहान ने कहा कि बुजुर्गों को जीवन के इस पड़ाव पर परिवार का सम्मान, स्नेह और साथ मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि परिवार में बुजुर्गों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है और उनके प्रति संवेदनशीलता बनाए रखना समाज की जिम्मेदारी है।

आश्रम प्रबंधन ने इस पुनर्मिलन को मानवीय पहल बताते हुए कहा कि आगे भी ऐसे मामलों में परिवारों के बीच संवाद स्थापित कर बुजुर्गों को उनके अपनों से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।