खंडवा। अपराधियों को सजा दिलाने और न्यायालय में शासन का पक्ष प्रभावी रूप से रखने में अहम भूमिका निभाने वाले अभियोजन विभाग के अधिकारी अनिल चौहान को पदोन्नति मिली है। 17 वर्षों की सेवाओं के बाद उन्हें सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी से जिला अभियोजन अधिकारी के पद पर पदोन्नत किया गया है।
इस उपलब्धि पर न्यायालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर लोक अभियोजक रविन्द्र पंवार, वरिष्ठ अधिवक्ता महेन्द्र अग्रवाल, महेन्द्र पगारे, गौरीशंकर टाले, संतोष गायकवाड, महेश निशोद, आशीष राठौर, लोकेश साध सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और न्यायालय कर्मचारी मौजूद रहे।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि अभियोजन विभाग न्यायिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। अपराधियों को दंड दिलाने के लिए साक्ष्यों को प्रभावी तरीके से न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करना और शासन का पक्ष मजबूती से रखना अभियोजन अधिकारियों की अहम जिम्मेदारी होती है।
वक्ताओं ने अनिल चौहान के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने चिन्हित जघन्य, सनसनीखेज और अन्य महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों में प्रभावी पैरवी कर न्यायिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
सम्मान समारोह में उपस्थित अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने अनिल चौहान को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। पदोन्नति के बाद जिला अभियोजन अधिकारी के रूप में उनकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
