खंडवा में लव मैरिज का दुखद अंत: 18 वर्षीय युवती की मौत, मायके वालों ने पति पर लगाए गंभीर आरोप

खंडवा में लव मैरिज का दुखद अंत: 18 वर्षीय युवती की मौत, मायके वालों ने पति पर लगाए गंभीर आरोप

खंडवा में लव मैरिज का दुखद अंत: 18 वर्षीय युवती की मौत, मायके वालों ने पति पर लगाए गंभीर आरोप

खंडवा। जिले के खालवा थाना क्षेत्र के मलगांव में शादी के महज छह महीने बाद एक 18 वर्षीय नवविवाहिता की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवती ने जहरीली दवा का सेवन कर लिया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान कृष्णाबाई निवासी खारी टिमरनी, जिला हरदा के रूप में हुई है। उसका विवाह करीब छह महीने पहले मलगांव निवासी मुकेश पिता बली नायक से हुआ था। परिजनों के अनुसार, कृष्णाबाई ने करीब साढ़े 17 वर्ष की उम्र में मुकेश के साथ घर से जाकर कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों साथ रह रहे थे।

कृष्णाबाई की मां संतराबाई का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद मुकेश का व्यवहार बदल गया था। वह शराब पीने और जुआ खेलने का आदी था। आरोप है कि वह आए दिन बेटी के साथ मारपीट करता था और उसे मायके वालों से बात करने से भी रोकता था।

परिजनों का यह भी आरोप है कि मुकेश कृष्णाबाई को संतान न होने को लेकर अपमानित करता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी।

परिवार के अनुसार, कई बार दोनों पक्षों के बीच समझाइश कराई गई, लेकिन हालात नहीं सुधरे। बेटी की सुरक्षा को देखते हुए कुछ समय पहले उसे मुंबई में रहने वाले रिश्तेदारों के पास भेजा गया था। करीब पांच दिन पहले ही वह वापस अपने ससुराल मलगांव आई थी।

परिजनों ने बताया कि घटना से पहले कृष्णाबाई ने अपनी मां को फोन किया और बताया कि उसने जहरीली दवा पी ली है। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग सक्रिय हुए और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के भाई भगवानदास ने भी पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुकेश शराब के नशे में आए दिन विवाद करता था और बहन के साथ मारपीट करता था। परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

खालवा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान परिजनों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।