खंडवा। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बोरगांव खुर्द स्थित श्री कृष्ण व्यायामशाला के प्रतिभाशाली पहलवान नीरज पटेल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक जीतकर खंडवा, मध्यप्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उनके खंडवा आगमन पर ग्राम बोरगांव खुर्द में उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर नीरज पटेल का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। ग्रामवासियों ने उनकी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उनके परिजनों को भी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी गई।

नीरज पटेल की इस ऐतिहासिक सफलता को पूरे विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया गया। उनके समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम की सराहना करते हुए कहा गया कि उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने दादाजी धूनीवाले महाराज से प्रार्थना की कि नीरज पटेल भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश, प्रदेश और खंडवा का नाम निरंतर गौरवान्वित करते रहें।
ग्रामीणों ने नीरज पटेल को उनकी उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
