खंडवा। जिले में पशुपालन विभाग द्वारा संचालित “दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान” के तृतीय चरण के तहत शुक्रवार को कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा के साथ ग्राम नागचून, सुरगांव निपानी और पिपल्यातहार का दौरा कर अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पशुपालकों से संवाद कर विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी ली तथा आधुनिक पशुपालन पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के तहत तीन से चार गौवंश एवं भैंसवंश पशु रखने वाले पशुपालकों के घर-घर जाकर पशुओं की संख्या का सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही पशुपालकों को कृत्रिम गर्भाधान, नस्ल सुधार, पशु पोषण, स्वास्थ्य प्रबंधन तथा वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन के लाभों के बारे में जानकारी दी जा रही है।

दौरे के दौरान कलेक्टर श्री गुप्ता ने ग्राम सुरगांव निपानी स्थित गौशाला में आयोजित पशुपालक संगोष्ठी में भाग लिया। यहां उन्होंने पशुपालन विभाग की हिरण्य गर्भा योजना के अंतर्गत सेक्स-सॉर्टेड सीमन तकनीक से जन्मी बछिया का अवलोकन किया और पशुपालकों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग से बेहतर नस्ल के पशु तैयार किए जा सकते हैं, जिससे दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ पशुपालकों की आय में भी वृद्धि होगी।
कलेक्टर ने पशुपालकों से क्षीर धारा ग्राम में संचालित पशु पोषण, नस्ल सुधार और टीकाकरण कार्यक्रमों का लाभ लेने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का प्रभावी उपयोग कर पशुपालक अपनी आजीविका को अधिक लाभकारी बना सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के दो हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर उपसंचालक पशुपालन डॉ. सी.एस. डावर, अतिरिक्त उपसंचालक डॉ. ए.के. पटेरिया, डॉ. नीरज कुमुद, विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिष कश्यप, डॉ. नवीन तिवारी, डॉ. सारिका चौहान, गौशाला संचालक तथा सांची दुग्ध संघ के प्रतिनिधि श्री झारिया सहित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।
