खंडवा में भैंस चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने पिकअप समेत दो चोरों को पकड़ा

खंडवा में भैंस चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने पिकअप समेत दो चोरों को पकड़ा

खंडवा में भैंस चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने पिकअप समेत दो चोरों को पकड़ा

खंडवा, 17 जुलाई 2026: खंडवा के कोतवाली थाना क्षेत्र में ग्रामीणों की सतर्कता से मवेशी चोरी की वारदात नाकाम हो गई। ग्राम हापला-दीपला में किसान के बाड़े से तीन भैंस और एक पाड़ा चोरी कर ले जा रहे बदमाशों में से दो को ग्रामीणों ने मौके पर पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि उनके कुछ साथी फरार हो गए।

घटना गुरुवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। दीपला निवासी किसान राधेश्याम के बाड़े से बदमाश तीन भैंस और एक पाड़ा निकालकर पिकअप वाहन में भर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई। ग्रामीणों ने तुरंत किसान को सूचना दी, जिसके बाद 10 से 12 लोग मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों को आता देख बदमाशों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि दो-तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण आर्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश पिता प्रेमसिंह चौहान (18) और जगदीश पिता रामसिंह मेहता (20), निवासी ग्राम सरमेश्वर, थाना पिपलोद के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने तीन भैंस और एक पाड़ा चोरी किया था, जिनकी कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। चोरी में इस्तेमाल किए गए पिकअप वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस ने बरामद किए गए मवेशियों को किसान राधेश्याम के सुपुर्द कर दिया है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।