खंडवा। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खंडवा यातायात पुलिस द्वारा स्कूल बसों की जांच का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे 10 दिवसीय अभियान के तहत यातायात पुलिस की टीम ने गुरुवार को शहर में स्कूल बसों की जांच की।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने कुल 34 स्कूल बसों की जांच की। इस दौरान बसों की फिटनेस, बीमा, परमिट, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, गति नियंत्रण यंत्र, चालक के दस्तावेज तथा बसों में लगे सीसीटीवी और जीपीएस की स्थिति की पड़ताल की गई।

चेकिंग के दौरान बस चालकों और स्कूल स्टाफ को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, बसों में क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने और आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में समझाइश दी गई।
जांच के दौरान 3 स्कूल बस चालकों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही पुलिस टीम ने चालकों और स्कूल स्टाफ को “नशे से दूरी है जरूरी” का संदेश भी दिया।
यातायात पुलिस ने बताया कि छात्र-छात्राओं का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि वे सभी बसों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें, ताकि बच्चों की यात्रा सुरक्षित रह सके।
