खंडवा: कन्या छात्रावास में पुरुष चौकीदार की नियुक्ति पर छात्राओं ने जताई आपत्ति, महिला चौकीदार रखने की मांग
जिला मुख्यालय स्थित पोस्ट मैट्रिक पिछड़ा वर्ग कन्या छात्रावास में तैनात पुरुष चौकीदार को लेकर छात्राओं ने आपत्ति दर्ज कराई है। छात्रावास में रहने वाली छात्राओं ने सुरक्षा और गोपनीयता का हवाला देते हुए पुरुष चौकीदार को हटाकर महिला चौकीदार नियुक्त करने की मांग की है।
मामला पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण शाखा के अंतर्गत संचालित पोस्ट मैट्रिक पिछड़ा वर्ग कन्या छात्रावास खंडवा का है। छात्राओं ने सामूहिक रूप से आवेदन तैयार कर सहायक संचालक अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग कन्या छात्रावास, खंडवा को सौंपा है।
आवेदन में छात्राओं ने स्पष्ट रूप से मांग की है कि छात्रावास में कार्यरत पुरुष चौकीदार के स्थान पर महिला चौकीदार की नियुक्ति की जाए। इस मांग को लेकर छात्राओं ने सामूहिक हस्ताक्षर भी किए हैं।
छात्राओं का कहना है कि कन्या छात्रावास में सुरक्षा, सुविधा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए महिला स्टाफ की मौजूदगी अधिक उपयुक्त है। छात्राओं द्वारा लिखित शिकायत किए जाने के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर मामले की समीक्षा शुरू कर दी गई है।
पिछड़ा वर्ग छात्रावास की निरीक्षक सुनीता मुवेल ने बताया कि छात्राओं ने लिखित आवेदन के साथ सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई है। मामले में एक कमेटी गठित की गई है और जल्द ही जांच के बाद महिला चौकीदार की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अब प्रशासन की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगा कि छात्राओं की मांग पर कितनी जल्दी अमल किया जाता है।
