खंडवा | छह सूत्रीय मांगों को लेकर 22 जुलाई को भोपाल कूच करेंगे जिले के पेंशनर्स
खंडवा जिले में प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई, जिसमें 22 जुलाई को भोपाल में प्रस्तावित छह सूत्रीय मांगों के समर्थन में होने वाले प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में आंदोलन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक पेंशनर्स की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए अजय तिवारी ने कहा कि सरकार को यह समझना होगा कि प्रदेश के वरिष्ठ नागरिक आखिर किन परिस्थितियों के कारण अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हो रहे हैं। वहीं संजीव मंडलोई ने जिले के अधिक से अधिक पेंशनर्स से भोपाल पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
जिला अध्यक्ष सुभाष शर्मा ने बताया कि 22 जुलाई को प्रदेश के 50 जिलों से हजारों पेंशनर्स भोपाल के अंबेडकर पार्क में धरना देंगे। इसके बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि खंडवा जिले के हरसूद, खालवा, पंधाना, मूंदी और खंडवा से दो-दो वाहनों के माध्यम से सदस्य भोपाल रवाना होंगे। जो सदस्य स्वास्थ्य कारणों से यात्रा नहीं कर पाएंगे, उन्होंने आंदोलन के लिए सहयोग राशि प्रदान की है।
बैठक में विजय पवार, उमा उपाध्याय, मंजुला महोदय, रुक्मणी राजे, एम.आर. गौड़, काशीराम सोनी, एन.के. वर्मा, मेहमूद खान, आर.के. जैन, अखिलेश उपाध्याय, भालचंद्र सोहनी, हौसीलाल मालाकार, डॉ. के.सी. वर्मा, मंसूब अहमद, आर. पंडित, एम.आर. मंडलोई, डॉ. एन.आर. गौर सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित रहे। बैठक के अंत में दिवंगत अशोक बैस को श्रद्धांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया।
