खंडवा | छात्रों की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक पुलिस की स्कूल बसों पर सघन जांच, तीन बसों पर कार्रवाई
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न मार्गों पर संचालित 28 स्कूल बसों की सघन जांच की। सूबेदार धर्मेंद्र गौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बसों की फिटनेस, बीमा, परमिट, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर, चालक के दस्तावेज, सीसीटीवी कैमरे और जीपीआरएस सिस्टम की जांच की।

जांच के दौरान बस चालकों और स्कूल स्टाफ को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने के निर्देश दिए गए। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई।
निरीक्षण के दौरान तीन स्कूल बसों में अग्निशमन यंत्र नहीं पाए गए। इस पर यातायात पुलिस ने संबंधित बसों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।
