खंडवा। जिले के पंधाना थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो यूट्यूबर के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि दोनों ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 50 हजार रुपए की मांग की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गोपाल सावनेर और लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्ष्मण केल्दे, दोनों निवासी पंधाना हैं। इनके खिलाफ मोहनपुर पंचायत के सचिव रामप्रकाश मोरे ने शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी सड़क और नाली निर्माण से जुड़े मुद्दों पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहे थे। इस वीडियो को रोकने के बदले 50 हजार रुपए की मांग की गई।
पंधाना थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पंधाना इलाके के कई पीड़ित और सचिव संघठन शीघ्र कलेक्टर,एसपी को ज्ञापन देकर मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।
