RTO चालान की APK फाइल ने खाली कर दिया खाता, खंडवा छात्र से 59 हजार की साइबर ठगी

RTO चालान की APK फाइल ने खाली कर दिया खाता, खंडवा छात्र से 59 हजार की साइबर ठगी

RTO चालान की APK फाइल ने खाली कर दिया खाता, खंडवा छात्र से 59 हजार की साइबर ठगी

खंडवा में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पुलिस और प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे सेफ क्लिक अभियान के बावजूद साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामले में एक बीएससी एग्रीकल्चर छात्र के साथ आरटीओ चालान के नाम पर 59 हजार 466 रुपए की ऑनलाइन ठगी की गई।

कोतवाली पुलिस के अनुसार, फरियादी करण पिता गुलसिंह डूडवे निवासी भीकनगांव, जिला खरगोन है। वह वर्तमान में खंडवा की एक निजी यूनिवर्सिटी से बीएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई कर रहा है और कोतवाली थाना क्षेत्र के गणेश तलाई में किराए से रहता है।

करण ने पुलिस को बताया कि 8 जुलाई को सुबह करीब 11:45 बजे उसके मोबाइल पर दो ट्रांजेक्शन के मैसेज आए। पहला ट्रांजेक्शन 49 हजार 999 रुपए और दूसरा 8 हजार 999 रुपए का था। जब उसने मैसेज देखकर अपने बैंक खाते का बैलेंस चेक किया तो पता चला कि खाते से कुल 59 हजार 466 रुपए निकल चुके हैं।

छात्र ने बताया कि यह ठगी आरटीओ चालान के नाम से व्हाट्सएप पर भेजी गई APK फाइल डाउनलोड करने के बाद हुई। फाइल डाउनलोड करने के बाद उसके खाते से रकम ट्रांसफर हो गई।

मामले की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर ठगी के इस मामले में आरोपियों और ट्रांजेक्शन से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान नंबरों से आने वाले लिंक, APK फाइल या किसी भी संदिग्ध मैसेज को डाउनलोड न करें। किसी भी चालान या सरकारी सूचना की पुष्टि संबंधित आधिकारिक माध्यम से ही करें।