सनावद-पुनासा रोड पर डंपर रोककर रंगदारी मांगने वाले तीन बदमाश जेल भेजे गए

सनावद-पुनासा रोड पर डंपर रोककर रंगदारी मांगने वाले तीन बदमाश जेल भेजे गए

सनावद-पुनासा रोड पर डंपर रोककर रंगदारी मांगने वाले तीन बदमाश जेल भेजे गए

खण्डवा – पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों और अवैध गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में धनगांव थाना पुलिस ने सनावद-पुनासा रोड पर डंपर चालक से रंगदारी मांगने, मारपीट करने और वाहन में तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को खरगोन जिले के थाना बेड़िया क्षेत्र निवासी सावन भिलाला ने धनगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह डंपर लेकर सनावद-पुनासा रोड से गुजर रहा था। हाथिया बाबा के पास तीन युवकों ने मोटरसाइकिल डंपर के सामने खड़ी कर उसका रास्ता रोक लिया और रंगदारी दिखाते हुए पैसों की मांग की।

फरियादी के पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने डंपर पर पत्थर फेंककर उसका कांच भी तोड़ दिया। शिकायत के आधार पर धनगांव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में पियूष राठौर (25), आकाश वादे (20) और वसीम उर्फ मोहसीन खान (26) शामिल हैं। तीनों  थाना मांधाता क्षेत्र के निवासी हैं।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल खण्डवा भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवराम जमरा, उपनिरीक्षक जॉन बारिया, प्रधान आरक्षक सुजीत सोलंकी तथा आरक्षक सूरज पाल, आकाश शर्मा और बृजकिशोर पंवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।