खंडवा। मध्य प्रदेश कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत 12 और 13 जुलाई को खंडवा में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन सोमवार को हुआ। शिविर का समापन संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ किया गया।
इस प्रशिक्षण शिविर में ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों और नगर परिषद अध्यक्षों को संगठन मजबूती, मतदाता सूची प्रबंधन, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग और चुनावी रणनीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में शामिल सभी पदाधिकारियों का जिला कांग्रेस अध्यक्ष खंडवा उत्तमपाल सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुरहानपुर रविंद्र महाजन, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी और रिंकू टाक द्वारा आभार व्यक्त किया गया।

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महामंत्री डॉ. संजय कांबले ने कहा कि कांग्रेस का कार्य करने का तरीका बदल रहा है। उन्होंने बताया कि पहले जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण पचमढ़ी में हुआ और अब खंडवा में ब्लॉक व मंडल स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। जल्द ही बूथ और वार्ड अध्यक्षों का प्रशिक्षण भी किया जाएगा। उन्होंने मतदाता सूची के गहन अध्ययन को चुनावी सफलता की कुंजी बताया।
डॉ. कांबले ने यह भी कहा कि कार्यकर्ताओं को व्यक्ति विशेष के बजाय पार्टी के प्रति समर्पित रहना चाहिए। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में प्रत्याशी चयन में जमीनी कार्यकर्ताओं की राय को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया उपाध्यक्ष अविरल जैन ने सोशल मीडिया को संगठन विस्तार का प्रभावी माध्यम बताते हुए कार्यकर्ताओं से इसके सकारात्मक उपयोग की अपील की। वहीं मतदाता सूची प्रभारी ललित सेन ने कहा कि वोटर लिस्ट पर मजबूत पकड़ ही जीत का आधार है।
प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी एवं जिला प्रभारी उषा नायडू ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है।
शिविर में प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी, पूर्व विधायक राजनारायण सिंह, डॉ. मुनीश मिश्रा सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। समापन अवसर पर सभी ने आगामी चुनावों में कांग्रेस को मजबूत करने और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

