खंडवा। महिला एवं बाल विकास विभाग ने वर्ष 2025 के राज्य और जिला स्तरीय पुरस्कारों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं 31 अगस्त 2026 तक आवेदन जमा कर सकेंगे।
विभाग के अनुसार, कुल छह श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विजेताओं को एक लाख रुपये तक की राशि के साथ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
इन पुरस्कारों में बाल विवाह रोकने, दहेज प्रथा के खिलाफ पहल करने और पीड़ितों के पुनर्वास में योगदान देने वालों को रानी अवंती बाई वीरता पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों के लिए राजमाता विजयाराजे सिंधिया पुरस्कार और पुरुषों एवं संस्थाओं के लिए विष्णु कुमार सम्मान निर्धारित किया गया है।
महिला सम्मान की रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में कार्य करने वालों को मुख्यमंत्री नारी सम्मान रक्षा पुरस्कार तथा राष्ट्रमाता पद्मावती पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा आत्मरक्षा और साहसिक कार्यों के लिए अरुणा शानबाग वीरता पुरस्कार दिया जाएगा।
विभाग ने बताया कि पुरस्कारों के लिए आवेदन ऑनलाइन वेबसाइट www.mpwcdmis.gov.in के माध्यम से या जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय से प्राप्त कर जमा किए जा सकते हैं। पूर्व में जमा किए गए आवेदन भी मान्य रहेंगे।
