खंडवा। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केसरिया खंडवा लेडीज क्लब ने वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम महाराणा प्रताप राजपूत समाज न्यास की निर्माणाधीन धर्मशाला के प्रांगण में किया गया, जहां क्लब की महिलाओं ने 100 से अधिक पौधों का रोपण किया।
पौधारोपण कार्यक्रम में क्लब की 25 से अधिक महिला सदस्यों के साथ राजपूत समाज के पुरुषों ने भी सहभागिता कर सहयोग दिया। सभी ने मिलकर परिसर में हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
यह पर्यावरण हितैषी पहल न्यास की संरक्षक अनीता सिंह चौहान के मार्गदर्शन और क्लब की महिला सदस्यों के संयुक्त प्रयास से संपन्न हुई। आयोजकों ने बताया कि लगाए गए पौधे आने वाले समय में परिसर की सुंदरता बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान क्लब की महिला सदस्यों ने रोपित पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें सुरक्षित रखते हुए पूर्ण रूप से विकसित करने की शपथ ली।
महाराणा प्रताप राजपूत समाज न्यास के ट्रस्टी मंगलेश सिंह तोमर ने बताया कि पौधारोपण अभियान पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
