खंडवा। गुरुपूर्णिमा से पहले शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को बस स्टैंड क्षेत्र में नगर निगम की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में बड़ा अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान कोतवाली से गांधी भवन तक जेसीबी की मदद से 20 से अधिक पक्के ओटले तोड़े गए, जबकि 15 से ज्यादा दुकानों के बाहर लगे टीनशेड और अन्य अतिक्रमण हटाए गए। निगम अधिकारियों के अनुसार दुकानदारों ने नाले के ऊपर पक्का निर्माण कर रखा था, जिससे बारिश के दौरान पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी और जलभराव की स्थिति बन रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क तक फैले अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था और जाम की समस्या बढ़ रही थी। इसी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान एक ट्रैवल्स एजेंसी में काम करने वाली महिला कर्मचारियों ने कार्रवाई का विरोध किया। अधिकारियों की समझाइश के बाद एजेंसी के बाहर किया गया अतिक्रमण भी हटाया गया।
वहीं सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह ने पुराना फूल बाजार और गांजा गोदाम क्षेत्र के दुकानदारों को अपनी दुकानों से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए दो दिन का समय दिया है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तो अवैध निर्माण के खिलाफ हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
अतिक्रमण हटाने के अभियान में कार्यपालन यंत्री राधेश्याम उपाध्याय, राजस्व अधिकारी प्रकाश राजपूत, अजय सारसर, राकेश बिवाल, नितेश पटेल, संदीप यादव, राहुल ठाकुर, सचिन यादव सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
