खंडवा। जिले में अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के लिए पुलिस ने एक बार फिर गुंडा और निगरानी बदमाश परेड अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सक्रिय और नए सूचीबद्ध बदमाशों को थानों में बुलाकर उनकी वर्तमान गतिविधियों, निवास स्थान और आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई गई। पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों को शांतिपूर्ण जीवन जीने और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की सख्त हिदायत दी।
पुलिस के अनुसार, जिलेभर में कुल 117 गुंडा बदमाश और 34 निगरानी बदमाशों की जांच की गई। इस दौरान सभी के डोजियर तैयार कर उनके रिकॉर्ड का सत्यापन किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य जिले में कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखना और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
