खंडवा। नर्मदानगर थाना क्षेत्र के मोहना गांव में तेज रफ्तार एक बलकर वाहन अनियंत्रित होकर मुख्य मार्ग स्थित हार्डवेयर दुकान में जा घुसा। हादसे के समय दुकान संचालक अंदर सो रहे थे, जो बाल-बाल बच गए। दुर्घटना में दुकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, एक बाइक चपेट में आ गई और दुकान में रखा सामान भी तहस-नहस हो गया।
पुलिस के अनुसार हार्डवेयर दुकान संचालक विष्णु गोस्वामी ने वाहन चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रात के समय वह दुकान के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान तेज गति से गुजर रहा बलकर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और पहले दुकान के बाहर खड़ी बाइक को टक्कर मारते हुए दीवार तोड़कर सीधे दुकान के अंदर घुस गया।
हादसे के बाद चालक वाहन को किसी तरह पीछे निकालकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद विष्णु गोस्वामी ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें वाहन का नंबर दिखाई दिया। उन्होंने वाहन नंबर पुलिस को उपलब्ध करा दिया है।
नर्मदानगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना की जांच कर रही है।
