खंडवा: नगर निगम ने रविवार को बस स्टैंड क्षेत्र में नाले पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाया। पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से करीब एक दर्जन दुकानों के बाहर बने पक्के ओटले और टीनशेड तोड़े गए। कार्रवाई के दौरान मलबा और सामान ट्रकों में भरकर हटाया गया।
नगर निगम के अनुसार, दुकानों के सामने बने ओटलों के नीचे सरकारी नाला दब गया था, जिससे बारिश के दौरान जल निकासी बाधित होने की आशंका थी। इसी को देखते हुए मानसून के बीच यह कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान हनी ट्रैवल्स एजेंसी पर कार्यरत चार से पांच महिला कर्मचारियों ने कार्रवाई का विरोध किया। वे जेसीबी मशीन के सामने खड़ी हो गईं और मोबाइल से वीडियो बनाने लगीं। इस दौरान निगम कर्मचारियों और मौके पर मौजूद मीडियाकर्मियों से बहस और कथित बदसलूकी भी हुई। निगम ने हनी ट्रैवल्स सहित आसपास की ट्रैवल एजेंसियों के बाहर बने ओटले और छज्जे हटाए। कार्रवाई गीत ट्रैवल्स और आर्या बस सर्विस तक जारी रही।

नगर निगम की कार्रवाई का नेतृत्व कार्यपालन यंत्री राधेश्याम उपाध्याय ने किया। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के अनुसार, महिला कर्मचारियों के विरोध की जानकारी मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट ने नाराजगी जताई और निगम अमले को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रभावित व्यापारियों को भंडारिया रोड क्षेत्र में वैकल्पिक जमीन देने संबंधी टिप्पणी भी की।

नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर में जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए नालों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
