इंदौर। मध्यप्रदेश के यूट्यूबर्स, रील मेकर्स और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के लिए सरकार ने नई पहल की घोषणा की है। इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित मध्य प्रदेश युवा कॉन्क्लेव-2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सकारात्मक, रचनात्मक और समाज में जागरूकता फैलाने वाले वीडियो बनाने वाले डिजिटल क्रिएटर्स को अब सरकार सम्मानित करेगी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि ऐसे कंटेंट क्रिएटर्स को ‘डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड’ दिया जाएगा। इसके साथ ही चयनित क्रिएटर्स को नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा माध्यम बन चुका है। ऐसे में समाजहित, शिक्षा, संस्कृति, नवाचार और जनजागरूकता से जुड़े सकारात्मक कंटेंट को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।
युवा कॉन्क्लेव में प्रदेशभर से आए युवाओं और डिजिटल क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं की रचनात्मक क्षमता को आगे बढ़ाने और उन्हें नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड की प्रक्रिया, श्रेणियों और पुरस्कार राशि से जुड़ी विस्तृत जानकारी सरकार की ओर से आगामी समय में जारी की जाएगी।
