खंडवा। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, खंडवा द्वारा ऐलिम्को कंपनी के सहयोग से जनपद पंचायत छैगांवमाखन के सभागृह में दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण चिन्हांकन एवं केलिपर्स वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के 125 दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया।
शिविर के दौरान जनपद पंचायत छैगांवमाखन क्षेत्र के 70 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता और पात्रता के आधार पर विभिन्न सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया। इनमें 8 मोटराइज्ड ट्रायसिकल, 19 ट्रायसिकल, 32 बैसाखी, 6 वॉकिंग स्टिक, 20 व्हीलचेयर सहित अन्य उपकरण शामिल हैं।
आयोजन के दौरान 16 कृत्रिम पैर उपलब्ध कराकर जरूरतमंद दिव्यांगजनों को तत्काल लाभ दिया गया। इसके अलावा जिला चिकित्सालय से पहुंची चिकित्सकीय टीम ने 17 दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी तैयार किए, जिससे उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल सके।
शिविर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी पंकज डाले, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी महेश सोलंकी सहित विकासखंड स्तर के विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
