खंडवा। श्री तिरोले कुनबी पटेल समाज युवा संगठन के तत्वावधान में रविवार को शनि मंदिर स्थित पटेल धर्मशाला में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाज के कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए अतिथियों ने उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय के कुलसचिव रवि चतुर्वेदी और नायब तहसीलदार दीपाली तिरोले ने विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न विकल्पों, उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर मार्गदर्शन दिया।
युवा संगठन के जिला अध्यक्ष डॉ. सावन पटेल ने बताया कि समारोह के साथ ही समाज की ओर से गांव-गांव पौधारोपण अभियान का भी शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी समाज का उद्देश्य है।
आयोजन में समाज के पदाधिकारी, अभिभावक और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभाओं को सम्मान देने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा के महत्व का संदेश दिया गया।
