खंडवा। श्री तिरोले कुनबी पटेल समाज युवा संगठन के तत्वावधान में रविवार को शनि मंदिर स्थित पटेल धर्मशाला में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में समाज के कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को शील्ड और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
युवा संगठन के जिला अध्यक्ष डॉ. सावन पटेल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना और उन्हें आगे की पढ़ाई व करियर के लिए प्रेरित करना है। समारोह के दौरान समाज की ओर से गांव-गांव पौधारोपण अभियान का शुभारंभ भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय के कुलसचिव रवि चतुर्वेदी और नायब तहसीलदार दीपाली तिरोले उपस्थित रहेंगे। दोनों अतिथि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, करियर के विभिन्न विकल्पों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित मार्गदर्शन देंगे।
आयोजकों ने बताया कि समारोह में समाज के पदाधिकारी, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल होंगे। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।
