खंडवा। जिले के ग्राम कालमुखी में नंदकुमार सिंह चौहान शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की नेत्रदान, देहदान एवं अंगदान जनजागृति समिति द्वारा देहदान जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में ग्रामीणों को मरणोपरांत देहदान की प्रक्रिया, इसके महत्व और समाज के लिए इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।
इस अभियान में जिला चिकित्सालय, सक्षम संस्था, लायंस क्लब खंडवा और सेवा भारती का सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने देहदान से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझा और अपनी शंकाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
समिति के सदस्य नारायण बाहेती और पंकज गुप्ता ने बताया कि अभियान के दौरान 85 वर्षीय श्यामाबाई गुप्ता, सुरेंद्र एस. गुप्ता, डॉ. बसंत उपाध्याय, सुधा उपाध्याय और सरस्वती सुकील ने मरणोपरांत देहदान के घोषणा पत्र भरे। समिति के अनुसार यह 182वां देहदान घोषणा पत्र है।
कार्यक्रम में विनीत गुहिया ने ग्रामीणों की देहदान से जुड़ी भ्रांतियों और सवालों का समाधान किया। उन्होंने बताया कि देहदान चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
समिति के अनुसार, अब तक अभियान के माध्यम से 24 देहदान और 522 नेत्रदान संपन्न कराए जा चुके हैं। समिति ने अधिक से अधिक लोगों से अंगदान और देहदान के लिए जागरूक होकर आगे आने की अपील की।
