खंडवा। शहर के अंजनी टॉकीज के पास स्थित शिव मंदिर को कथित रूप से नुकसान पहुंचाने के प्रयास को लेकर शनिवार को बजरंग दल ने विरोध दर्ज कराया। संगठन का कहना है कि सूचना मिलने पर कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और घटना पर नाराजगी जताते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की।
बजरंग दल के जिला सह-संयोजक शुभम निकुम ने बताया कि संबंधित स्थान पर पहले मां कालिका का मंदिर स्थापित था। उनका आरोप है कि एक व्यक्ति ने पूर्व में वहां से मां कालिका की प्रतिमा हटा दी थी। इसके बाद स्थानीय श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित कर शिव मंदिर का निर्माण कराया।
संगठन का आरोप है कि अब उसी स्थान पर दोबारा मंदिर को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया, जिसकी जानकारी मिलते ही बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की।
फिलहाल मामले में संबंधित पक्ष का बयान सामने नहीं आया है। प्रशासन की ओर से भी घटना को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
