खंडवा। रोशिया फाटा के पास सड़क इंजीनियरिंग में खामियों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। अंडर ब्रिज और ओवर ब्रिज को जोड़ने वाली सड़क पर वाहन चालकों को दिशा और मार्ग को लेकर भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। विजन स्पष्ट नहीं होने के कारण यहां लगातार सड़क हादसे होने की बात सामने आई है।
हादसों को देखते हुए ट्रैफिक डीएसपी अनिल राय और थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह परिहार ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क निर्माण कंपनी के अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क की बनावट, मोड़, संकेतक व्यवस्था और वाहन चालकों को आने वाली परेशानियों का जायजा लिया। पुलिस ने निर्माण कंपनी के अधिकारियों से भी आवश्यक सुधार करने को लेकर चर्चा की।
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। सड़क पर संकेतक, विजन सुधार और अन्य तकनीकी सुधारों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
