खंडवा: जिले के मोरटक्का स्थित खेड़ीघाट पर शुक्रवार शाम नर्मदा नदी में स्नान के दौरान एक 24 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान महू निवासी अंकित पिता कमल पटेल (24) के रूप में हुई है। वह अपने उत्तर प्रदेश निवासी दोस्त को ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराने जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे दोनों दोस्त रास्ते में खेड़ीघाट पर रुके और नर्मदा में स्नान करने उतर गए। इसी दौरान अंकित अनजाने में गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोर और मोरटक्का चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने अंकित को नदी से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अंकित को तैरना नहीं आता था। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में पहुंच गया, जिससे यह हादसा हो गया।
पुलिस के अनुसार, अंकित महू के एक निजी स्कूल में शिक्षक था। वह अपने दोस्त को ओंकारेश्वर दर्शन कराने ले जा रहा था। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है
