खंडवा। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गुरुवार को जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, निदान और परामर्श के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में कुल 613 गर्भवती एवं हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य परामर्श दिया गया।
स्वास्थ्य जांच के दौरान जिन गर्भवती महिलाओं में जटिलताएं पाई गईं, उन्हें चिन्हित कर आगे की जांच के लिए खंडवा भेजा गया, जहां उनकी सोनोग्राफी कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शिविरों में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) द्वारा गर्भवती महिलाओं की काउंसलिंग की गई। उन्हें गर्भावस्था के दौरान संतुलित पोषण आहार, स्वच्छता, नियमित जांच और जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी सावधानियों की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच, उपचार और परामर्श उपलब्ध कराकर सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना है।