खंडवा/ओंकारेश्वर। ओंकारेश्वर स्थित बंजारा समाज धर्मशाला में गुरुवार को समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरगोन, बड़वानी, धार, इंदौर, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा और देवास जिलों से आए समाजजन शामिल हुए। बैठक में धर्मशाला के सुचारु संचालन, संरक्षण और नए ट्रस्ट के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ट्रस्ट का विधिवत पंजीयन होने तक धर्मशाला के संचालन के लिए 51 सदस्यीय अंतरिम समिति गठित की जाएगी। समाजजनों ने अर्जुन नायक (खंडवा), महेंद्र सिंह पवार (अटूट खास), ज्ञानसिंह नायक (झाबर), भारत राठौड़ (झाबर) और रमेश नायक (नव टांडा) को समिति के प्रमुख के रूप में सर्वसम्मति से मनोनीत किया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने नवगठित नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए धर्मशाला के विकास और समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। यह भी तय किया गया कि अगले तीन दिनों के भीतर धर्मशाला के सभी कमरों को व्यवस्थित किया जाएगा, परिसर में सफाई अभियान चलाया जाएगा और भवन की सुरक्षा व व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समिति की अगली बैठक शीघ्र आयोजित की जाएगी, जिसमें ट्रस्ट के पंजीयन, धर्मशाला के स्थायी संचालन और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। बैठक का समापन समाज की एकता, संगठन और धर्मशाला के संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ।