खंडवा में 7 अगस्त से शुरू होगी पारंपरिक कावड़ यात्रा, 10 अगस्त को महादेवगढ़ में होगा जलाभिषेक

खंडवा में 7 अगस्त से शुरू होगी पारंपरिक कावड़ यात्रा, 10 अगस्त को महादेवगढ़ में होगा जलाभिषेक

खंडवा। पारंपरिक ‘जय हिंदू राष्ट्र कावड़ यात्रा’ इस वर्ष 7 अगस्त से प्रारंभ होगी। आयोजन समिति के अनुसार यात्रा में शहर और आसपास के क्षेत्रों से 5,000 से अधिक युवाओं और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यात्रा की तैयारियों को लेकर संयोजकों ने नगर दंडाधिकारी और अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर यातायात, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 7 अगस्त को शाम 6 बजे सभी कावड़ यात्री नए बस स्टैंड स्थित दादाजी मंदिर के पास एकत्र होंगे, जहां से वे ओंकारेश्वर के लिए रवाना होंगे। 8 अगस्त को सुबह 9 बजे ओंकारेश्वर से नर्मदा जल लेकर कावड़िए खंडवा की ओर प्रस्थान करेंगे। इस दिन रात्रि विश्राम शासकीय स्कूल दौंडवा में रहेगा।

9 अगस्त को यात्रा दौंडवा से रवाना होकर छोटी छैगांव पहुंचेगी, जबकि रात्रि विश्राम दौंडवाड़ा के पास प्रस्तावित है। 10 अगस्त को सुबह 7 बजे यात्रा खंडवा शहर में प्रवेश करेगी और सिसोदिया होटल पहुंचेगी।

इसी दिन दोपहर 12 बजे से सिसोदिया होटल से बैंड-बाजे, ढोल-ताशों और डीजे के साथ भव्य नगर भ्रमण निकाला जाएगा। यात्रा पदमनगर, जिला अस्पताल, टाउन हॉल, घंटाघर, केवलराम चौराहा, बुधवारा, माली कुआं, बड़ा बम, तीन पुलिया, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, कोतवाली, कहारवाड़ी और जलेबी चौक होते हुए महादेवगढ़ मंदिर पहुंचेगी, जहां नर्मदा जल से भगवान शिव का जलाभिषेक कर यात्रा का समापन होगा।

यात्रा संयोजक चाहत सिंह तोमर और सह-संयोजक संकेत जोशी ने बताया कि यात्रा में 8 सेवा वाहन, बैंड-बाजे और ढोल-ताशे शामिल रहेंगे। प्रशासन को सौंपे गए आवेदन के दौरान कुश पालीवाल, हरीश असवानी, सोनू वादवानी और आकाश दूबे भी उपस्थित रहे।