किशोर कुमार जयंती पर तीन दिवसीय ‘खंडवा का गौरव दिवस’, मैराथन से होगी शुरुआत

किशोर कुमार जयंती पर तीन दिवसीय ‘खंडवा का गौरव दिवस’, मैराथन से होगी शुरुआत

खंडवा। स्वर सम्राट किशोर कुमार की जन्मजयंती के अवसर पर 2 से 4 अगस्त तक शहर में तीन दिवसीय ‘खंडवा का गौरव दिवस’ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक हुई, जिसमें महापौर अमृता यादव, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन तथा किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के रणवीर सिंह चावला सहित संबंधित अधिकारी और आयोजक मौजूद रहे।

कलेक्टर ने बताया कि 2 अगस्त को नगर निगम कार्यालय से केवलराम चौराहे तक मैराथन का आयोजन होगा। इसी दिन रात में किशोर कुमार सभागृह में गायन प्रतियोगिता का फाइनल आयोजित किया जाएगा। 3 अगस्त को नगर निगम के सामने स्कूली विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। शाम को नगर निगम और घंटाघर क्षेत्र में फूड जोन, बैंड प्रस्तुति और किशोर कुमार के गीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

4 अगस्त को किशोर कुमार की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। शाम को आयोजित ‘किशोर नाइट’ में गायक पी. गणेश और प्रीति जोशी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस अवसर पर मुंबई के पार्श्वगायक विनोद राठौर को ‘किशोर सम्मान’ के तहत एक लाख रुपये की सम्मान राशि और ताम्रपत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही ‘वॉइस ऑफ खंडवा’ गायन प्रतियोगिता की पुरस्कार राशि भी बढ़ाई गई है, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिल सके।