कलेक्टर के निर्देश: सभी स्कूलों और कॉलेजों में ‘मेरा युवा भारत’ ऐप पर कराएं पंजीयन

कलेक्टर के निर्देश: सभी स्कूलों और कॉलेजों में ‘मेरा युवा भारत’ ऐप पर कराएं पंजीयन

खंडवा। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में “मेरा युवा भारत” (MY Bharat) कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला सलाहकार समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने की। उन्होंने जिले के सभी हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूलों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों का “मेरा युवा भारत” ऐप पर अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने महाविद्यालयों में विशेष पंजीयन शिविर आयोजित कर छात्रों का ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराने को कहा। साथ ही कार्यक्रमों की जानकारी, गतिविधियों के प्रचार-प्रसार और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्हाट्सएप समूह बनाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में सभी शिक्षण संस्थानों में नोडल अधिकारी और कैंपस एम्बेसडर नियुक्त करने पर भी जोर दिया गया, ताकि कार्यक्रम का संचालन और समन्वय प्रभावी ढंग से किया जा सके। बैठक में डॉ. ओ.पी. जुगतावत, पल्लवी दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।