किल्लौद। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत किल्लौद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग के अपहरण मामले में सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 40 घंटे के भीतर नाबालिग बालक को सुरक्षित बरामद कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
थाना प्रभारी विजय वर्मा ने बताया कि नाबालिग के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में उन्होंने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर पुत्र को ले जाने की आशंका जताई थी। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 86/2026, धारा 137(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से विवेचना की। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर टीम की मदद से लगातार प्रयास करते हुए नाबालिग को इटारसी के पास से सुरक्षित बरामद किया गया।
जांच में सामने आया कि बालक स्वयं घर से बिना बताए चला गया था। पुलिस ने बालक की काउंसलिंग के बाद उसे सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय वर्मा के साथ उप निरीक्षक सखाराम पगारे, सहायक उप निरीक्षक दिनेश राजपूत और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम के प्रयासों की सराहना की।
