खंडवा। शहर की प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर विधायक कंचन मुकेश तन्वे ने कलेक्टर से मुलाकात कर पेयजल, सीवरेज और जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। विधायक की मांग के बाद प्रशासन ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विधायक ने नर्मदा जल के मटमैले स्वरूप को लेकर चिंता जताई और कहा कि शहर के कई इलाकों में गंदा पानी पहुंचने से नागरिकों को परेशानी हो रही है। मामले में कलेक्टर ने नगर निगम खंडवा के अधिकारियों से चर्चा कर जल्द समस्या दूर करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में पुलिस चौकी की आवश्यकता का मुद्दा भी उठाया गया। विधायक ने कहा कि पोस्टमार्टम के दौरान कई बार कानून व्यवस्था की स्थिति बनती है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए चौकी जरूरी है। इस संबंध में पुलिस विभाग से भी समन्वय कर कार्रवाई की जाएगी।
सीवरेज परियोजना की धीमी गति को लेकर भी विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई जगह सड़कें खोदकर छोड़ दी गई हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है और हादसों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत जल्द कराने की मांग की।
प्रशासन ने जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों को उम्मीद है कि इन मुद्दों पर जल्द राहत मिलेगी।
