खंडवा। संत सिंगाजी थर्मल पावर प्लांट की शिवरिया टाउनशिप में स्कूली बच्चों के परिवहन को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। सरकारी कर्मचारियों के बच्चों को मूंदी के निजी स्कूलों तक पहुंचाने वाली 52 सीटर बस में 98 बच्चों को बैठाकर ले जाया जा रहा है। इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों और कर्मचारियों में चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, टेंडर में दो स्कूल बसों के संचालन का प्रावधान है, लेकिन नए शैक्षणिक सत्र में फिलहाल केवल एक बस ही चलाई जा रही है। अधिक भीड़ के कारण कई बच्चों को बस के गेट के पास खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है।
थर्मल प्लांट प्रशासन ने स्कूल बसों के संचालन का ठेका पंछीराज ट्रैवल्स को दिया है। पिछले दो वर्षों से दो बसें संचालित हो रही थीं, लेकिन इस बार दूसरी बस उपलब्ध नहीं कराई गई। इस संबंध में टाउनशिप की सिक्योरिटी विंग भी प्रबंधन को शिकायत दे चुकी है।
वहीं, संत सिंगाजी थर्मल प्लांट के कार्यपालन यंत्री (वर्कशॉप) राजेंद्र लखारे ने बताया कि नए टेंडर के बाद दूसरी बस को सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। उनके अनुसार, अगले दो से चार दिनों में दूसरी बस का संचालन शुरू होने की संभावना है। तब तक बच्चों का परिवहन एक ही बस से किया जा रहा है।