गुलशन नगर की पुलियाएं तोड़े जाने पर रहवासियों का विरोध, पक्के पुनर्निर्माण की मांग

गुलशन नगर की पुलियाएं तोड़े जाने पर रहवासियों का विरोध, पक्के पुनर्निर्माण की मांग

गुलशन नगर की पुलियाएं तोड़े जाने पर रहवासियों का विरोध, पक्के पुनर्निर्माण की मांग

खंडवा में खानशाह वली वार्ड क्रमांक-36 की गुलशन नगर कॉलोनी के रहवासियों ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बड़गांव भीला रोड से कॉलोनी को जोड़ने वाली वर्षों पुरानी कच्ची पुलियाओं को तोड़े जाने के विरोध में बड़ी संख्या में लोग नगर निगम आयुक्त के पास पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। रहवासियों का कहना है कि इन पुलियाओं के टूटने से स्कूली बच्चों, मरीजों और कॉलोनीवासियों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है। लोगों ने पुलियाओं का जल्द पक्के रूप में पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।

खानशाह वली वार्ड क्रमांक-36 स्थित गुलशन नगर कॉलोनी के रहवासी सोमवार को नगर निगम पहुंचे और आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर टूटी हुई पुलियाओं के पुनर्निर्माण की मांग की। उनका कहना है कि यह मार्ग पिछले 35 से 40 वर्षों से कॉलोनी के लिए मुख्य आवागमन का रास्ता रहा है।

रहवासियों के अनुसार, इसी रास्ते से स्कूली बच्चे सेंट जोसेफ स्कूल सहित अन्य शिक्षण संस्थानों तक पहुंचते हैं। इसके अलावा एम्बुलेंस, पानी के टैंकर, कचरा वाहन और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहन भी इसी मार्ग का उपयोग करते रहे हैं।

रहवासियों ने आरोप लगाया कि 3 जुलाई को नगर निगम ने जेसीबी मशीन से पुलियाओं को अतिक्रमण बताते हुए तोड़ दिया, जिससे पूरे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि यह किसी निजी कॉलोनी का रास्ता नहीं, बल्कि बड़गांव भीला मेन रोड से जुड़ी सार्वजनिक सुविधा थी।

वार्डवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए टूटी हुई पुलियाओं का जल्द से जल्द पक्की पुलिया के रूप में पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि स्कूली बच्चों, मरीजों और आम नागरिकों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।