श्रावण से पहले ओंकारेश्वर की व्यवस्थाएं सुधारने की मांग, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

श्रावण से पहले ओंकारेश्वर की व्यवस्थाएं सुधारने की मांग, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

श्रावण से पहले ओंकारेश्वर की व्यवस्थाएं सुधारने की मांग, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

श्रावण मास से पहले ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और ओंकार पर्वत परिक्रमा मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी खंडवा ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह पुरनी ने कलेक्टर से मुलाकात कर परिक्रमा मार्ग की मरम्मत, साफ-सफाई और शंकराचार्य प्रतिमा स्थल पर वाहनों की आवाजाही रोकने सहित कई मांगों का ज्ञापन सौंपा। साथ ही ओंकारेश्वर में राजपूत समाज की धर्मशाला के लिए भूमि उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया।

आगामी श्रावण मास में ओंकारेश्वर पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह पुरनी ने मंगलवार को कलेक्टर से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि करीब सात किलोमीटर लंबा ओंकार पर्वत परिक्रमा मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। विकास कार्यों के बाद मार्ग को ठीक से पुनर्स्थापित नहीं किए जाने के कारण श्रद्धालुओं को परिक्रमा के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में मांग की गई कि श्रावण मास शुरू होने से पहले परिक्रमा मार्ग की मरम्मत, साफ-सफाई, अतिक्रमण और निर्माण मलबे को हटाया जाए। साथ ही शंकराचार्य जी की प्रतिमा स्थल तक वाहनों की आवाजाही बंद कर वहां नियमित पुलिस व्यवस्था की जाए, ताकि क्षेत्र की पवित्रता बनी रहे और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लग सके।

कांग्रेस ने यह भी सुझाव दिया कि परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर के समीप से सीधे परिक्रमा मार्ग तक पहुंचने की सुविधा दी जाए, जिससे उन्हें भीड़ से राहत मिल सके।

इसी दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह पुरनी ने राजपूत समाज धर्मशाला के ट्रस्टी विक्रम सिंह चौहान के साथ कलेक्टर से मुलाकात कर ओंकारेश्वर में राजपूत समाज की धर्मशाला निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने और आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने का आग्रह किया।

इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री धर्मेंद्र सिंह राठौर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पवन पाटीदार, पार्षद मनोज मंडलोई, जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।