पत्रकार से अभद्रता पर प्रेस क्लब नाराज, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन: अधिकारियों को शालीन व्यवहार के निर्देश

पत्रकार से अभद्रता पर प्रेस क्लब नाराज, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन: अधिकारियों को शालीन व्यवहार के निर्देश

पत्रकार से अभद्रता पर प्रेस क्लब नाराज, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन: अधिकारियों को शालीन व्यवहार के निर्देश

खंडवा। शहर में वरिष्ठ पत्रकार के साथ प्रशासनिक अधिकारी द्वारा कथित अभद्रता और जेल भेजने की धमकी देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह पर वरिष्ठ पत्रकार जय नागड़ा के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए खंडवा प्रेस क्लब ने कड़ी नाराजगी जताई है। इस संबंध में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने कलेक्टर ऋषव गुप्ता को शिकायती पत्र सौंपकर अधिकारी से सार्वजनिक अथवा लिखित रूप से माफी मांगने की मांग की है।

प्रेस क्लब के अनुसार, पत्रकार जय नागड़ा यातायात जाम में फंसे लोगों की परेशानी को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था का सुझाव दे रहे थे। इसी दौरान सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह ने कथित तौर पर सार्वजनिक रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और जेल भेजने की धमकी दी। प्रेस क्लब ने इस व्यवहार को पत्रकारों की गरिमा और प्रतिष्ठा के खिलाफ बताते हुए कलेक्टर से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।

प्रेस क्लब प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि पत्रकारों के सम्मान और गरिमा से जुड़े इस मामले में संगठन ने अपनी आपत्ति प्रशासन के सामने दर्ज कराई है।

कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए शालीन व्यवहार के निर्देश

वहीं, इस घटनाक्रम के बाद कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले संबंधित विभागों के बीच आपसी समन्वय सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही कार्रवाई के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए समय का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निर्धारित समय में शांतिपूर्ण ढंग से की जाए और इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखी जाए।

भाषा में संयम रखें, व्यवहार शालीन होना चाहिए : कलेक्टर

कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा कि सभी एसडीएम, तहसीलदारों और प्रशासनिक अमले को निर्देशित किया गया है कि इस तरह की कार्रवाई के दौरान भाषा में संयम रखें और व्यवहार शालीन बनाए रखें। यह निर्देश केवल पत्रकारों के लिए नहीं, बल्कि आम नागरिकों के साथ व्यवहार में भी लागू होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करना चाहिए।