खंडवा। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को खंडवा में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर नगर निगम चौराहे से ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ का आयोजन किया गया। विधायक कंचन तन्वे ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इसमें स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स, खिलाड़ियों तथा अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रमुख मार्गों से निकली एकता दौड़

रन फॉर यूनिटी नगर निगम चौराहे से शुरू होकर घंटाघर, बॉम्बे बाजार, केवलराम चौराहा, बस स्टैंड, कहारवाड़ी और जलेबी चौक होते हुए वापस नगर निगम चौराहे पर पहुंची। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। युवाओं और विद्यार्थियों में आयोजन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
विधायक ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ

कार्यक्रम के दौरान विधायक कंचन तन्वे ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए देश की एकता और आपसी सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया गया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, एडिशनल एसपी गजेंद्र सिंह कंवर, सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रियंका राजावत और भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सेवादास पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
