खंडवा(निर्मल मंगवानी)। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बुधवार को समीक्षा कलेक्टर ऋषव गुप्ता अध्यक्षता में मेडिको लीगल केस (एमएलसी) की ऑनलाइन एंट्री सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। उन्होंने बैठक में सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेडलेपार सॉफ्टवेयर में सीसीटीएनएस के माध्यम से पीएम रिपोर्ट की एंट्री समय पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीज के पहुंचने पर उपचार के साथ आवश्यकतानुसार तत्काल एमएलसी तैयार की जाए तथा उसकी ऑनलाइन एंट्री कर सॉफ्टवेयर से प्रिंट निकालना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि एमएलसी की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि पुलिस एवं न्यायालयीन प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। कलेक्टर ने अधिकारियों को एमएलसी की ऑनलाइन पेंडेंसी की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान पुनासा बीएमओ का एमएलसी की ऑनलाइन पेंडेंसी अधिक पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित बीएमओ का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। साथ ही मांधाता के संबंधित चिकित्सक का भी एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अगम जैन सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
