हरसूद। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 5 अक्टूबर को हरसूद आएंगे। वे यहां आयोजित राज्य स्तरीय रानी दुर्गावती जयंती समारोह में शामिल होंगे। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में किए गए तथा प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में गोंड राजघरानों के 52 गढ़ों के वंशजों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
मंत्री विजय शाह ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे और रानी दुर्गावती जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने सोमवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कलेक्टर ऋषव गुप्ता, एसपी अगम जैन, जिला पंचायत सीईओ ऐश्वर्या वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में समारोह की व्यवस्थाओं, आयोजन स्थल की तैयारियों, विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को कार्यक्रम को व्यवस्थित और भव्य रूप से आयोजित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
3 से 5 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न आयोजन
रानी दुर्गावती जयंती के अवसर पर हरसूद में 3 से 5 अक्टूबर तक तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 3 अक्टूबर को आदिवासी संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम होंगे। 4 अक्टूबर को विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
वहीं 5 अक्टूबर को 52 गढ़ों के राजवंशों के वंशजों की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के बाद सेवा संकल्प अभियान के तहत सभा आयोजित होगी, जिसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव संबोधित करेंगे।
52 गढ़ों के वंशज होंगे विशेष आकर्षण
समारोह में गोंड राजघरानों के 52 गढ़ों के वंशजों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जा रहा है। समारोह में इन वंशजों का सम्मान भी किया जाएगा। आयोजन स्थल को रानी दुर्गावती और गोंड राजवंश की ऐतिहासिक विरासत की थीम के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।
5 अक्टूबर को निकाली जाने वाली वंशजों की शोभायात्रा समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेगी। इसके लिए प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
